संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव नंगला, जीवना निवासी सागर के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि गत वर्ष 23 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार गांव डुमरी जिला नवादा बिहार जो सेज मेटल कंपनी बावल में नौकरी करता है। उसके पास एक चोरी की बाइक है। बाइक की नंबर प्लेट बदली हुई है। बाइक लेकर वह बावल चौक रेवाड़ी पर खड़ा हुआ है। जिस पर पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से चोरी बाइक को बरामद कर लिया था।
पुलिस की ओर से बाइक की जांच करने पर पता चला कि उपरोक्त बाइक राजस्थान के भरतपुर इलाके से चोरी की हुई है। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त तीन आरोपी कृष्ण कुमार, दीपक व दीनू उर्फ दीनदयाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी दीनू उर्फ दीनदयाल ने बताया था कि उपरोक्त बाइक उसने राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव नंगला जीवना निवासी सागर से खरीदी है।