पिछले दिनों सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर युवक और महिला के मिले शव के मामले में सोहना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के कत्ल मृतक महिला की सगी बहन ने उनकी करतूत से परेशान होकर करवाए थे।
दो दिसंबर को गांव खतरिका के पास एक युवक व गांव सिकरोना के पास एक महिला का शव मिला था। पुलिस के अनुसार शव की पहचान गांव सुनरखा जिला मथुरा की रहने वाली गुड्डी ने की। गुड्डी ने बताया कि दोनों शव उसकी बहन सीमा व जीजा जुगल के हैं। पूरे मामले की जांच पड़ताल में पुलिस को गुड्डी पर शक हुआ। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसको हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गुड्डी ने पुलिस को कई बार गुमराह किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सारे राज उगल दिए।
पुलिस पूछताछ में गुड्डी ने बताया कि उसकी बहन सीमा उसके देवर जुगल से ब्याही थी। दोनों के व्यवहार से उनका परिवार परेशान था। इस मामले में गुड्डी ने अपने गांव के ही पृथ्वी नाम के युवक को दोनों को मार डालने की सुपारी दी। इसके बाद पृथ्वी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों को मार दिया व जुगल के शव को सोहना के गांव खतरिका व सीमा के शव को गांव सिकरोना के पास फेंक दिया।
पुलिस ने गुड्डी को जिला अदालत में पेश किया। वहां पर अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया था। पुलिस ने पृथ्वी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।