हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रथम सेमेस्टर के रि-अपीयर छात्रों को पांचवें सत्र में दाखिल न करने के निर्णय के खिलाफ शुक्रवार को बहुतकनीकी कॉलेज के विद्यार्थियों ने कक्षाओं को बहिष्कार कर प्रदर्शन किया।
इसके बाद में लघु सचिवालय पहुंचकर विद्यार्थियों ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने निर्णय को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री और तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त और एसडीएम को सौंपे।
राजकीय महिला बहुतकनीकी महाविद्यालय की छात्राओं ने शुक्रवार को तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रथम सेमेस्टर के रि-अपीयर विद्यार्थियों को पांचवें सत्र में दाखिल न करने के निर्णय के खिलाफ कक्षाओं का बहिष्कार कर महाविद्यालय के गेट पर तालाबंदी कर नारेबाजी की।
बाद में छात्राओं ने उपायुक्त कार्यालय में पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने अपनी मांगों के संबंध में उपायुक्त के माध्यम से हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को मांग पत्र सौंपा। राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज और राजेंद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ पोलीटेक्निक फूलकां, एंबीशन इंस्टीट्यूट मोरीवाला के छात्रों ने भी उपायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन किया।
उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में प्रदर्शनकारियाें ने कहा है कि तकनीकी शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अगर किसी छात्र की डिप्लोमा के प्रथम सत्र में रि-अपीयर आ जाती है तो उसे डिप्लोमा के पांचवें सत्र में बैठने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग के इन दिशा-निर्देशों के कारण छात्र तकनीकी शिक्षा से वंचित रह जाएंगे और उनके दो साल बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि विभाग द्वारा लगाए गए इस प्रतिबंध को हटाया जाए।