हरियाणा के कैथल के खिलाड़ियों को अब दूसरे जिलों या प्रदेशों में स्थित इंडोर स्टेडियम में प्रैक्टिस करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
दरअसल मंत्री रणदीप सुरजेवाला ने रविवार को अंबाला रोड स्थित सेक्टर 21 में जिमखाना क्लब के निकट पांच मंजिला इंडोर स्टेडियम के निर्माण का शिलान्यास किया।
चौंतीस करोड़ की लागत से तैयार होने वाली स्टेडियम को 18 महीनों में बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसका संचालन और रखरखाव हुडा विभाग की ओर से किया जाएगा। इसके लिए कोच सहित सभी सुविधाएं विभाग द्वारा ही मुहैया करवाई जाएंगी।
चौधरी छोटूराम इंडोर स्टेडियम के नाम ने बनने वाले इस स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू होने से पूर्व सुरजेवाला ने भूमि पूजन कर इंडोर स्टेडियम के नींव की पहली ईंट रखी।
चौंतीस करोड़ की लागत
सुरजेवाला ने बताया कि ढाई एकड़ भूमि में बनने वाले इस पांच मंजिला इंडोर स्टेडियम के निर्माण पर भूमि सहित 34 करोड़ 34 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी और इसका निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
50 हजार वर्ग फुट में बनने वाली इस भव्य इमारत में भूमितल के अलावा उसके ऊपर तीन मंजिला भवन बनेगा और भूमिगत भवन का भी इसमें निर्माण होगा।
इन खेलों की मिलेगी सुविधा
602 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले भूमिगत भवन में टेबल टेनिस और जिमनेजियम, ग्राउंड फ्लोर पर स्केटिंग रिंग, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती रिंग, प्रशासनिक खंड में मैनेजर रूम, कोच रूम, मीटिंग हॉल, डोप टेस्टिंग लेबोरेटरी, लॉंज, पैंट्री, स्टॉफ रूम, इलेट्रिक रूम और पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग शौाचालयों की व्यवस्था होगी।
भूमितल पर यह सभी निर्माण 2187.63 वर्ग मीटर में होगा। पहली मंजिल पर 618 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जाने वाली व्यवस्था में योग रूम, मीडिया रूम, चेस रूम, खेल अधिकारियों के कक्ष और महिला व पुरुष खिलाड़ियों के लिए शौचालयों की व्यवस्था होगी।
इसके अतिरिक्त द्वितीय और तृतीय तल पर गैलरी और रास्ते बनाने का प्रावधान रखा गया है। खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों, कर्मचारियों के अतिरिक्त खेल देखने वाले आगुंतकों के लिए 2600 वर्ग फुट में पार्किंग स्थल बनाया जाना भी प्रस्तावित है।
युवा खिलाड़ियों को स्वच्छ पर्यावरण व हरियालीयुक्त वातावरण देने के लिए इस इंडोर स्टेडियम के आसपास हरी घास लगाने और 2.5 मीटर ऊंचाई की दीवार बनाने का प्रावधान सुरक्षा के मद्देनजर किया जाना है।
इसके प्रथम चरण में 7 करोड़ 71 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई हैं।
खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
हुडा की ओर से पूरी तरह से रखरखाव किए जाने के चलते इस स्टेडियम से न केवल शहर के खिलाड़ियों बल्कि पूरे जिले के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।
सुरजेवाला ने कहा कि जिला स्टेडियम के अलावा शहर के बीचोबीच भी एक स्टेडियम सनातन धर्म मंदिर के निकट ओपन एयर थियेटर के साथ बनाया जा रहा है।
इन सुविधाओं का आने वाले समय में खेल पर असर पड़ेगा और जिले से मनोज बाक्सर और ममता सोदा जैसे खिलाड़ी निकल कर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
सीडी प्रकरण राजनीति से प्रेरित : सुरजेवाला
विधान सभा सत्र में सीडी प्रकरण मामले में पूछे गए सवाल पर सुरजेवाला ने बताया कि यह सब हिसार लोकसभा क्षेत्र के दलित व पिछड़े विधायकों के खिलाफ एक सोचा समझा षड्यंत्र है।
इस अवसर पर हुडा के अधीक्षक अभियंता अशोक कुमार मग्गु, कार्यकारी अभियंता वाईएम मेहरा, एसडीओ मीर सिंह, कांग्रेस संगठन सचिव दिलबाग मोर, दीपक खंडूजा, ओमप्रकाश सैन, कांग्रेसी नेता सत्यवान शेरगढ़, नगर पालिका अध्यक्ष रामनिवास मित्ल, उपाध्यक्ष रणबीर सैनी, बहादुर सैनी, धर्मबीर सैनी, प्रो. सीबी सैनी, डॉ. श्याम साहनी, नीलम युनिवर्सिटी के उपकुलाधिपति भूपेंद्र सांगवान, जिला परिषद अध्यक्ष नाजर सिंह दयौरा, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य अर्जुन गुलाटी, राकेश सरदाना, भरत सिंह बैनीवाल, पीएल भारद्वाज, जयवीर सिंह, रामकुमार मान, मुकेश जैन, डॉ. पवन थरेजा, सीवन ब्लॉक समिति चेयरमैन पृथ्वी सैनी, टेक चंद, सुभाष जवाहरा, सरदार कुलवंत सिंह मौजूद रहे।