रैपिड मेट्रो प्रबंधन अपने फेज-दो प्रोजेक्ट को लेकर काफी गंभीर है। वह अभी से ही इसकी ब्रांडिंग का काम शुरू करेगा। इस दिशा में जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
रैपिड मेट्रो के प्रथम फेज का संचालन शुरू हुए एक माह हो गया है, लेकिन यात्रियों की संख्या उम्मीद से काफी कम है। इससे सबक लेते हुए फेज-दो परियोजना को रैपिड मेट्रो प्रबंधन लोगों के बीच प्रचारित करना चाहता है।
रैपिड मेट्रो की फेज-दो परियोजना फेज-वन का विस्तार है। यह विस्तार सिंकदरपुर से गोल्फ कोर्स रोड तक होगा, इसका काम शुरू हो चुका है। रैपिड मेट्रो की प्रवक्ता ने बताया कि फेज-दो की डेडलाइन वर्ष 2015 है।
फिर भी प्रबंधन इसके बारे में लोगों को जानकारी देने की योजना बना रहा है। उसका कहना है कि इसके लिए जल्द ही रैपिड मेट्रो रेल गुड़गांव के पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें इस बात का निर्णय लिया जाएगा कि किस प्रकार से लोगों तक इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी भेजी जाए।
रैपिड मेट्रो फेज-दो में भी छह स्टेशन होंगे। जो लोग सेक्टर-55, 56 और गोल्फ कोर्स की ओर जाना चाहते हैं उनके लिए यह काफी बेहतर होगा। रैपिड मेट्रो रेल गुड़गांव का मानना है कि इस फेज के पूरा होने के बाद हजारों लोगों को फायदा होगा। चाहे वह कॉरपोरेट सेक्टर में काम करने वाले हों या उस रूट पर रहने वाले।