मंगलवार को सुबह हुई बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। शहर के अधिकांश निचले इलाकों में पानी भर गया। सबसे ज्यादा परेशानी नौकरी पेशा वालों को हुई। बारिश के कारण लोग समय पर अपने काम पर नहीं पहुंच सके।
मंगलवार को सुबह करीब 8:00 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए। इसी के साथ बूंदा-बांदी शुरू हो गई। 9:30 बजे के आंधी के साथ तेज बारिश होने लगी।
बारिश का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। ऐसे में रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के कारण ट्रेन से सफर करने वाले यात्री स्टेशन पर ही घंटों फंसे रहे।
करीब दो घंटे तक हुई बारिश के कारण शहर के अधिकांश निचले इलाकों में पानी भर गया। सेक्टर- 22, 23, 24, 31, मुजेसर, बाटा, आयशर कालोनी, जवाहर कालोनी, बल्लभगढ़ की चावला कालोनी, अंबेडकर चौक सहित अन्य निचले इलाकों में पानी भरा रहा।
इसके कारण लोगों को आने जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। आंधी व बारिश से मौसम में काफी ठंडक हो गई थी। गलन होने से सबसे ज्यादा परेशानी बूढ़े और बच्चों को हुई।