पार्टनर के 32 लाख की रकम हड़पने से आहत प्रॉपर्टी डीलर नरेन्द्र वधवा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने सुसाइड नोट में अपने पार्टनर पर राशि और कई प्लाटाें की हिस्सेदारी को हड़पने का आरोप लगाया है।
मृतक ने अपने सुसाइड नोट में डीजीपी से गुहार लगाई है कि उसके पार्टनर से उसके हिस्से के पैसे निकलवाकर उसके बच्चाें को दिए जाएं। शहर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी नीतू वधवा की शिकायत पर दास प्रॉपर्टी डीलर के पार्टनर सतीश चोपड़ा के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार लंग मोहल्ला निवासी नरेन्द्र वधवा (40) पुत्र गोबिंद राय नेशनल हाईवे पर दास प्रॉपर्टी में सतीश चोपड़ा का पार्टनर था। सोमवार रात करीब 9 बजे वह अपने घर आया था। घर आने के बाद नरेन्द्र अपना पर्स कमरे में रख कर और एक मोबाइल को चार्जिंग पर लगा कर अपना दूसरा मोबाइल लेकर घर से बाइक पर चला गया। देर शाम को नरेन्द्र ने अपनी पत्नी नीतू को मोबाइल पर फोन करके कहा कि मेरी आखिरी राम-राम ले लो। मैंने जहर खा लिया है और मैं मरने जा रहा हूं।
नीतू ने जानना चाहा कि वो इस समय कहां है। इस पर नरेन्द्र ने कहा कि तुम लोग अब मुझे ढूंढ नही पाओगे, मैं जहर खा चुका हूं और मेरी मौत होने वाली है। नरेन्द्र ने पत्नी को फोन करने के बाद अपनी बेटी और पड़ोस में ही रहने वाले एक रिश्तेदार को भी फोन किया। बेटी और रिश्तेदार से भी नरेन्द्र्र ने कहा कि वह मरने जा रहा है।
मंगलवार सुबह हुडा सेक्टर में सैर करने पहुंचे कुछ लोगों ने युवक को सड़क किनारे पड़े देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान नरेन्द्र वधवा के तौर पर हुई। पुलिस को मृतक के कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी मिला। इस नोट में नरेंद्र वधवा ने अपने बिजनेस पार्टनर सतीश चोपड़ा से लाखों रुपये की लेनदारी का जिक्र किया है।
यह लिखा था सुसाइड नोट में
सुसाइड नोट में नरेन्द्र ने लिखा है कि प्रॉपर्टी के व्यवसाय में उसकी सतीश चोपड़ा के साथ पार्टनरशिप थी। सतीश चोपड़ा ने उसकी 32 लाख रुपये की रकम सहित प्लाटों इत्यादि की हिस्सेदारियां भी हड़प कर ली हैं। वह इस समय कंगाल हो चुका है। नरेन्द्र ने अपने पत्र में डीजीपी हरियाणा से अनुरोध किया है कि सतीश चोपड़ा से उसकी रकम वसूल कर उसके बच्चों को दिलवाई जाए।