हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में नगर परिषद टोहाना के कार्यालय में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड वितरण कार्यक्रम में बिजली गुल रहने से विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली भड़क गए। इस बदइंतजामी पर मंत्री ने अफसरों को जमकर फटकार भी लगाई। बाद में नगर परिषद व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ते रहे।
दरअसल, आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम में पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली मुख्य अतिथि थे। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संबोधन भी होना था। संबोधन के लाइव प्रसारण के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। मगर बिजली कट के कारण स्क्रीन नहीं चल पाई।
बिजली गुल इसलिए थी क्योंकि 132 केवी बिजली घर में बिजली निगम की ओर से मरम्मत कार्य चल रहा था। इसके लिए बकायदा मुख्यालय से अनुमति भी ली हुई थी। मगर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा स्क्रीन व अन्य सिस्टम चलाने के लिए किसी जनरेटर की व्यवस्था नहीं की गई।
मंत्री को लैपटॉप पर सुनना पड़ा संबोधन
कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली को बड़ी स्क्रीन नहीं चल पाने के कारण मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संबोधन लैपटॉप के जरिये सुनना पड़ा। इसके बाद तत्काल गोल्डन कार्ड वितरित करते अफसरों को लताड़ लगाते हुए मंत्री देवेंद्र सिंह बबली कार्यक्रम से चले गए। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी। इस दौरान नगर परिषद के प्रधान नरेश बंसल भी मौजूद रहे।
डीएमसी ने ईओ से दो दिन में मांगा जवाब
पंचायत मंत्री के कार्यक्रम में बिजली गुल होने के मामले में जिला नगर आयुक्त अजय चोपड़ा ने नगर परिषद टोहाना के ईओ संदीप सोलंकी, एक्सईएन सुरेंद्र कुमार, एमई रमन कुमार और जेई मनोज कुमार को पत्र जारी कर दो दिन में लिखित में जवाब मांगा है। जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा एडीसी व एसडीएम द्वारा स्वास्थ्य विभाग के एसएमओ डॉ. कुनाल, बिजली निगम के एसडीओ आनंद को भी शो-काज नोटिस जारी कर उनसे भी दो दिन में जवाब मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद की जगह का चयन किया गया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यवस्थाएं की जानी थी। नगर परिषद प्रशासन द्वारा रिफ्रेशमेंट व कुर्सियों का इंतजाम कर दिया गया था। स्क्रीन न चलने के चलते मंत्री नाराज हुए थे। पूरा कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग का था।
-संदीप सोलंकी, ईओ, नगर परिषद टोहाना
प्रदेश सरकार की ओर से जारी एसओपी के अनुसार इस कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था नगर परिषद प्रशासन द्वारा की जानी थी। स्वास्थ्य विभाग को तो सिर्फ लाभार्थियों को लेकर आना था, जिन्हें कार्ड दिया जाना था। स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्यक्रम में सही समय पर पहुंची।
-डॉ. कुनाल, एसएमओ, नागरिक अस्पताल टोहाना