कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रही राहुल गांधी की यात्रा में सबने सड़कों की स्थिति देखी है। झज्जर में भी सड़कें बदहाल हैं। हमें सिर्फ हरियाणा मॉडल चाहिए, कोई और नहीं। पांच करोड़ रुपये के कामों की डिमांड भेजने पर मुख्यमंत्री कार्यालय से चिट्ठी आई कि पैसा मंजूर कर भेज दिया है, लेकिन जिला प्रशासन के पास आज तक नहीं पहुंचा। क्यों विधायकों का जुलूस निकाल रहे, विपक्षी विधायकों को 5 करोड़ नहीं देने तो न दें।
नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि राहुल गांधी उन सड़कों पर चले, जहां पैदल चलना मुश्किल था। 248-ए सड़क मार्ग को फोरलेन करना तो दूर, पहले गाड़ी और पैदल चलने काबिल बना दें। हमें सड़कों को लेकर अपने राष्ट्रीय नेता के सामने बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई।
फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान ने कहा कि बरसात बीतने के बावजूद अब तक सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे गए। मुलाना से कांग्रेस विधायक वरुण चौधरी ने कहा कि सड़कें एक करोड़ में ठीक हों या 25 करोड़ रुपये में उन्हें जल्द दुरुस्त करें। यह प्रदेश की सड़कें हैं, विधायकों की नहीं, सरकार उन्हें ठीक करने के लिए विधायकों के एस्टीमेट का इंतजार न करे।
होडल से भाजपा विधायक जगदीश नायर ने कहा कि हसनपुर बाईपास जल्दी बनाया जाए। इससे लोगो को सहूलियत होगी। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पटौदी से भाजपा विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में साढ़े तीन महीनों से फ्लाईओवर टूटा है। उसका काम अभी तक शुरू नहीं हुई, जिससे सड़क मार्ग की कनेक्टिविटी नहीं हो पा रही। उसे जल्द ठीक कराएं।
जलभराव पर विधायक मुखर
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पानी तो खेतों में अब तक भरा हुआ है। उसका क्या निदान सरकार कर रही है। किसानों को दो साल से फसल खराब होने पर मुआवजा नहीं मिला। गोहाना, बेरी, रोहतक, झज्जर सहित अनेक हलकों में खेत पानी में डूबे हैं, मुख्यमंत्री मौके पर जाकर मुआयना करें और हल निकालें।
कांग्रेस विधायक मामन खान ने कहा कि अक्तूबर में हुई बेमौसमी बरसात के कारण अभी तक जलभराव है। फसल बुआई न होने के कारण किसानों को बहुत नुकसान हो रहा है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए किसानों को रात के बजाय दिन में बिजली दें।
कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा कि उनके हलके के 46 गांवों की जमीन पानी में डूबी हुई है। किसान परेशान हैं, उन्हें बड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है। शून्यकाल के दौरान उठने वाले मुद्दों का जवाब सरकार सदन में दे। उन्होंने गांवों की सूची स्पीकर के जरिये मुख्यमंत्री को सौंपी।
पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि किसानों को 1810 जमीन का मुआवजा जल्द मिले।
बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि 45 गांव में 15 हजार एकड़ तक फसल पानी में डूबने से खराब हुई है। तीन साल से किसान लगातार नुकसान झेल रहे हैं। सरकार किसानों की समस्या का स्थायी समाधान करे।
ये बोले ऊर्जा मंत्री
ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जानबूझ कर बिजली नहीं काटी गई। सुरक्षा कारणों व एहतियात आपूर्ति बंद की थी। 2-3 किलोमीटर लंबा काफिला राहुल गांधी के साथ चल रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक व बस में लोग छतों पर सवार थे। कुछ तो खंभों पर भी चढ़ गए। ऐसे में कोई हादसा न हो, इसलिए शाम साढ़े पांच से 7:20 तक बिजली आपूर्ति बंद की गई। इतने लंबे काफिले व सभा के समय बिजली आपूर्ति की अनुमति नहीं होती। विधायक बलराज कुंडू, प्रवीण डागर, जगदीश नायर, आफताब अहमद और मामन खान ने जलभराव की निकासी को लेकर उनसे फोन पर जैसे ही बात की मैंने 24 घंटे बिजली आपूर्ति करवाई ताकि किसानों को राहत मिल सके।
विधायकों ने मुद्दे भी उठाए
विधायक सत्यप्रकाश ने कहा कि उनके हलके के 46 स्कूलों के भवन जर्जर हैं, उनकी स्थिति सुधारी जाए ताकि कोई हादसा न हो। मामन खान ने कहा कि मेवात में नशा मेडिकल स्टोर पर बिक रहा, नशे का सामान बेचने वालों पर कार्रवाई हो। आफताब अहमद ने कहा कि एनसीआर के वायु प्रदूषण में कमी लाई जाए, जीना मुश्किल हो रहा है। गीता भुक्कल ने कहा कि कुछ आशा वर्कर्स पंच-सरपंच बनी हैं, उनसे इस्तीफे लिए जा रहे हैं। जब वह सरकारी कर्मचारी नहीं हैं फिर इस्तीफे क्यों। वरुण मुलाना ने कहा कि शहरी निकायों में सफाई के नाम पर राशि का दुरुपयोग हो रहा है, इसकी कैग से जांच कराई जाए। उनकी नगरपालिका में भी बड़ा घालमेल है। भाजपा विधायक असीम गोयल ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों की रेंज अनुसार पदोन्नति गलत है, इसमें एकरूपता लाई जाए। अंबाला रेंज के पुलिस कर्मी पदोन्नतियों में पिछड़ गए हैं। गुरुग्राम में उनके साथ के कर्मचारी एसआई बन चुके, जबकि अंबाला में कांस्टेबल ही हैं।
एचएसजीपीसी में भाजपा-आरएएस का कब्जा
कांग्रेस विधायक शमशेर गोगी ने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में भाजपा-आरएसएस का कब्जा हो गया है। जो भाजपा-आरएसएस के सदस्य हैं, उन्हें भी कमेटी में सदस्य बना दिया गया। क्या, भाजपा के पास पैसे की कमी हो गई है। स्कूलों में पंजाबी विषय के पद नहीं भरे जा रहे। करनाल में तो पदों को कैप्ट कर दिया गया है। बिजली उपभोक्ताओं से भारी भरकम राशि वसूली जा रही है। करनाल धरना-प्रदर्शनों का शहर बन गया है, मुख्यमंत्री तो कभी-कभार जाते हैं। उन्हें फ्लाईओवर के ऊपर से ले जाया जाता है, वे आंदोलनरत गेस्ट टीचर्स, आशा वर्कर्स की सुनें। असंध हलके में अस्पताल जल्दी खोला जाए। लोगों को करनाल आना पड़ रहा है, जिस पर टोल भी देना पड़ता है। अस्पताल बनने तक क्या टोल मंत्री जी देंगे। या तो वह मरीजों को कह देते हैं कि अस्पताल बनने तक बीमार न हों। इस पर सीएम ने कहा कि यह तो अच्छी बात है कि कोई बीमार न हो।