हड़ताल के तीसरे दिन भी बिजली निगम सही तरीके से बिजली की आपूर्ति नहीं करवा सका। बारिश के कारण कई फीडरों में आई खराबी बृहस्पतिवार को भी ठीक नहीं की जा सकी।
इस वजह से सेक्टर-22 और 23 के गुस्साए निवासी बिजली निगम कार्यालय पहुंचे, तो कहीं एक्सईएन व एसडीओ को फोन कर लोगों ने खरी-खोटी सुनाई।
कुछ क्षेत्र मंगलवार रात से प्रभावित रहे, जबकि कुछ क्षेत्रों में बुधवार सुबह हुई हल्की बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लगातार 48 घंटे से अधिक हुई बिजली कटौती के कारण लोगों के घरों के इनवर्टर बैठ गए। कमर्शियल और औद्योगिक क्षेत्रों में दिनभर जेनरेटर चलते रहे।
बिजली निगम के अनुसार, बारिश से पावर सप्लायर सबस्टेशन छांयसा, पल्ला, झाड़सेंतली, बदरौला और भूपानी में खराबी आ गई है। इस कारण इन सभी सबस्टेशनों से 20 फीडरों को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा कई औद्योगिक इलाकों के फीडर भी बंद रहे।
एसई आरएस यादव ने बताया कि बारिश के चलते कई जगह परेशानी आई है, जहां से तकनीकी फॉल्ट की जानकारी मिली है, वहां कर्मचारियों को मरम्मत के लिए भेजा जा रहा है।
यहां नहीं आई बिजली
छांयसा, नरियाला, अटाली, मोहना, जलाका, शेखपुर, खादर, मौजपुर, हीरापुर, जसाना, नचौली, माहातपुर, आदर्श नगर, अशोका एंक्लेव, नया गांव, बाजरी, सुरूरपुर, कृष्णा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, गौच्छी, सेक्टर-14, 15, 16, 17, 18, 22, 23, 24, 25, सीकरी, तिगांव, कुराली, मंझावली, नीमका, दयालपुर, पल्ला, पांच नंबर, एक-दो नंबर, नीलम, मुजेसर, खेड़ी कलां और चावला कॉलोनी।