कैथल सनसिटी के सामने स्थित एक होटल में पुलिस ने देह व्यापार की सूचना मिलने पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान होटल के कमरों से कुल 14 युवक और युवतियां मिलीं। हालांकि जांच में किसी भी प्रकार का अवैध कार्य व देह व्यापार का मामला सामने नहीं आया। पुलिस को आधा दर्जन से अधिक प्रेमी जोड़े ठहरे हुए मिले, जिन्हें बाहर निकालकर सख्त चेतावनी दी गई।
सिविल लाइन थाना के एसएचओ रामनिवास के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं और नाबालिग को भी वहां लाया जाता है। इसी आधार पर सिविल लाइन थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने छापा मारा लेकिन मौके पर कोई भी नाबालिग लड़की नहीं मिली। पुलिस ने सभी युवक-युवतियों को समझाकर छोड़ दिया लेकिन स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में वे इस प्रकार की स्थिति में दोबारा पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों से परिवार की प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ता है और कानून की नजर में भी यह अनुचित है। पुलिस ने होटल मालिक को भी कड़े निर्देश दिए हैं कि परिसर में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि न होने दें। यदि भविष्य में ऐसी कोई शिकायत सही पाई जाती है, तो होटल संचालक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।