हरियाणा के पिहोवा श्ाहर में एसडीएम एचसी भाटिया ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वाले लोगों पर शिंकजा कसने के लिए संबंधित सभी अधिकारी तैयार रहे।
जिले को 2 अक्तूबर 2013 तक धूम्रपान रहित जिला बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। वे शुक्रवार को किसान विश्राम गृह में धूम्रपान नियंत्रण कानून को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
एसडीएम एचसी भाटिया ने कहा कि प्रदेश में प्रथम चरण में पांच जिलाें को धूम्रपान रहित करने का प्रयास शुरू किया है। इस प्रथम चरण में जिला कुरुक्षेत्र को भी आगामी 2 अक्तूबर तक धूम्रपान रहित करने के प्रयास करने हैं। उन्होंने कहा कि धूम्रपान को वर्जित नहीं किया गया है बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करना मना है।
धूम्रपान करने वाले दूसरे लोगों को ज्यादा नुकसान पंहुचाते हैं और वातावरण को भी दूषित करते हैं। इसको रोकने के लिए ही सरकार ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि चीन, अमेरिका के बाद भारत का नंबर सबसे ज्यादा धूम्रपान सेवन करने वाले देशों की सूची में शामिल है। हरियाणा अपने देश की सूची में आठवें स्थान पर है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि अपने-अपने कार्यालयों के बाहर धूम्रपान रहित क्षेत्र लिखे बोर्ड को लगवाएं और यहां धूम्रपान करने वालों पर जुर्माना करें। सरकार ने एक रुपये से लेकर 200 रुपये तक जुर्माना तय किया है। पैसा न देने वाले लोगों के चालान किए जाएंगे। चालान करने का जिम्मा पुलिस विभाग को सौंपा गया है।
एसडीएम ने लोगों से भी अपील की है कि जब तक आम आदमी अपनी मर्जी से इस मुहिम में शामिल नहीं होगा जब तक सरकार के प्रयास सार्थक नहीं हो पाएंगे। जिला सिविल सर्जन डॉ. शिवकुमार ने कहा कि यह एक सामाजिक मुद्दा है। धूम्रपान करने से देश में आठ से नौ लाख लोगों की मौत हो रही है। उन्होंने होटल संचालकों को धूम्रपान जोन बनाने के लिए कहा। इस मौके पर तहसीलदार नौरंग दास, बीडीपीओ नवनीत कौर, एआईपीआरओ नरेंद्र सिंह, एसएमओ संजीव सिंगला, एसडीओ नवनीत नैन सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।
एसडीएम एचसी भाटिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अधिकारियों को मुहैया करवाई गई जुर्माने की रसीद का अधिक से अधिक प्रयोग करना है ताकि उपमंडल में सार्वजनिक स्थल धूम्रपान करने वाले अधिक से अधिक लोगों पर जुर्माना किया जा सके। सभी अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट 30 सितंबर तक एसएमओ संजीव सिंगला के पास जमा करवानी होगी ताकि यह रिपोर्ट समय रहते उपायुक्त निखिल गजराज के समक्ष प्रस्तुत की जा सके।
सीएमओ डॉ. शिव कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग को चालान करने का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस विभाग के अधिकारी यह चालान एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत करेंगे ताकि आगामी कार्रवाई को अमलीजामा पहनाया जा सके।
एसडीएम एचसी भाटिया ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों को धूम्रपान का सेवन न करने के लिए लोगों को जागरूक करना चाहिए। इसके के लिए उन्होंने रैली व गोष्ठियों का आयोजन करने की सलाह दी है।