सनौली। सनौली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 709-डी पर मंगलवार शाम को तामशाबाद टोल पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने टोल शुल्क मांगने पर युवकों ने कर्मी पर पिस्तौल तान दी। कर्मी ने खुद को बचाते हुए उनके हाथ पर से पिस्तौल छीन ली तो आरोपियों ने उसे गाड़ी में खींचने का प्रयास किया।
हाथापाई में भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी गाड़ी लेकर मौके से भाग गए। पुलिस ने टोल कर्मी की शिकायत पर थाना सनौली में प्राथमिकी दर्ज कर ली। बुधवार को आरोपी समीर निवासी रामपुर मनिहारन सहारनपुर यूपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया।
सनौली थाना के प्रभारी वेदपाल ने बताया कि फोन पर सूचना मिली थी कि टोल पर यूपी नंबर की स्कॉर्पियो सवार कुछ युवक झगड़ा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर जांच की तो टोल कर्मी साहिल निवासी ताजपुर ने बताया कि वह शिफ्ट इंचार्ज के पद पर काम करता है। मंगलवार को यूपी नंबर की एक स्कॉर्पियो कार टोल पर आई तो चालक से टोल देने को कहा। इस पर चालक ने अभद्रता शुरू कर दी।
इसी बीच गाड़ी में बैठे उसके तीन अन्य साथियों ने पिस्तौल निकाल कर उस पर तान दी, उसने गाड़ी के पीछे छिपकर उनके हाथ से पिस्तौल छीन ली। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी में खींचने का प्रयास किया, लेकिन उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी समीर ने बताया कि वह अपने दोस्त अमन व उसके दो अन्य साथियों के साथ दिल्ली जा रहे थे। टोल पर रुपयों को लेकर उनकी बहस हुई थी।