पानीपत। जाटल रोड आठ मरला के पास दो युवकों ने एक नौकरानी को बातों में उलझाकर उससे सोने की बालियां व सोने का ओम ठग लिया। आरोपियों ने नौकरानी को पता पूछने के बहाने रोका था। इसके बाद उसको अपने साथ ले जाकर उसके साथ ठगी की। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
शोंधापुर गांव निवासी शकुंतला ने बताया कि वह मॉडल टाउन के घरों में साफ-सफाई का काम करती है। शनिवार दोपहर को वह अपना काम निपटाकर घर जा रही थी। वह टिक्कू अस्पताल के पास पहुंची तो वहां दो युवक खड़े दिखाई दिए। उन्होंने उससे सोनीपत का रास्ता पूछा। इसके बाद वे उसे जाटल रोड स्थित चौधरी अस्पताल तक बातों में लगाकर आगे की ओर ले आए। वहां पर उसके साथ दोनों लड़कों ने धोखाधड़ी करके उसके कानों व गले से सोने की आभूषण निकलवा लिए।
उसके हाथ में एक रुमाल थमा दिया और उससे कहा कि इसके अंदर पैसे हैं। कुछ देर बाद वे आभूषण लेकर वहां से फरार हो गए। महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें सात रुपये, कागज के टुकड़े, धागा व मिट्टी थी। फिर उसने अपने परिवार को आपबीती सुनाई।