पानीपत। शहर के व्यस्त जैन चौक के पास स्विफ्ट कार में सवार दो लोगों ने रास्ते में ईवी स्कूटी सवार युवक को पीट दिया। उन्होंने पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने खुद को इलाके का बदमाश बताया। थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेक्टर-18 के दीपांशु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 10 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से जैन चौक की तरफ जा रहा था। जैन चौक से कुछ पहले तेज रफ्तार कार चालक ने अचानक उसकी स्कूटी के आगे आकर उसका रास्ता रोक लिया। कार में दो युवक सवार थे। उन्होंने गाड़ी का शीशा नीचे करते ही गाली गलौज शुरू कर दी। उसने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपी गाड़ी से नीचे उतर आए और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने उसे धमकी दी कि यदि उसे अपनी जान प्यारी है, तो वह पुलिस के पास न जाए, वरना उसे जान से खत्म कर दिया जाएगा। थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो