पानीपत। कुटानी गांव में शुक्रवार शाम को तालाब (जोहड़) पार करने की कोशिश कर रहे तीन बच्चों के पिता की डूबने से मौत हो गई। वह तालाब के बीच तक फुर्ती के साथ पहुंचे थे। इससे आगे नहीं चल पाए। परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
सतीश शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव के तालाब के किनारे बैठा था। इसी दौरान उसने अचानक पानी में छलांग लगा दी और तैरकर तालाब पार करने लगा। शुरुआत में वह सामान्य रूप से तैरते हुए तालाब के बीच तक पहुंच गया। वे खुद को संभाल नहीं पाए और तालाब में डूब गए। ग्रामीणों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति को तैरना नहीं आता था।
कुछ देर बाद गांव के स्थानीय तैराक मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, मगर सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही डीएसपी प्रदीप यादव और थाना सेक्टर 13-17 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से रात करीब 10 बजे तक तालाब में सघन तलाश अभियान चलाया गया। ब्यूरो