पत्रकारों को जानकारी देते एडवोकेट जगदीप घनघस। संवाद
पानीपत। घनघस खाप हरियाणा के प्रधान एडवोकेट जगदीप घनघस ने कहा कि प्रदेश व देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मामले बढ़ गए हैं। इन सबके विरोध में छह जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने ये बात वीरवार को जिला कोर्ट कांप्लेक्स स्थित अपने चैंबर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखबीर मलिक और देश के जाने-माने वैज्ञानिक सोनम वांगचुक का भी बड़ा समर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका से 6 जून को हिंदुस्तान लौट रहे कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके का एयरपोर्ट पर स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से सीधे सभी नेता दिल्ली पुलिस के मुख्यालय प्रधान से मुलाकात कर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन के लिए आधिकारिक अनुमति ली जाएगी। अनुमति मिलते ही बेरोजगार युवाओं के समर्थन में आंदोलन शुरू किया जाएगा। नीट, सीबीएसई व अन्य हालिया पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी। आप नेता सुखबीर मलिक ने देश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताई। उन्होंने पानीपत की गंभीर समस्याओं को उठाते हुए कहा कि आज प्रॉपर्टी आईडी, रजिस्ट्री और इंतकाल की कीमतों में बेहिसाब बढ़ोतरी कर दी गई है। इस मौके पर उग्राखेड़ी के पूर्व सरपंच राज मलिक, प्यारेलाल गुप्ता, राजकुमार मुंडे और देवन सलूजा मौजूद रहे।