जीटी रोड पर सिवाह के पास क्रेन चालक ने एक युवक को टक्कर मारी और उसे घसीटते हुए 50 मीटर तक अपने साथ ले गया। दोस्तों ने घायल को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गंगाराम कॉलोनी निवासी विनोद ने बताया कि वह हाल ही में सेक्टर 29 स्थित जिंदल फैक्ट्री में छपाई का काम करता है। वह अपने साथी विक्रम कॉलोनी निवासी सुनील बिंद(29) के साथ गांव सिवाह से नांगलखेड़ी की तरफ जा रहा था। जब वह जीटी रोड पर पहुंचे तो पीछे से हाइड्रा क्रेन चालक ने तेज रफ्तार से आया और सुनील को टक्कर मार दी और करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। आरोपी क्रेन चालक मौके से फरार हो गया। घायल सुनील को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंप दिया। वहीं आरोपी क्रेन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।