संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। आर्य पीजी महाविद्यालय में 48वें युवा महोत्सव के विजेताओं के लिए शनिवार को सम्मान समारोह किया गया। प्रबंधक समिति के उपप्रधान विरेंद्र शिंगला, महासचिव सीए कमल किशोर, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य, प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रबंधक समिति ने प्रथम आने वालों को 1100-1100 रुपये, द्वितीय स्थान को 700-700 रुपये व तृतीय स्थान पाने वालों को 500-500 रुपये देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधक समिति ने महाविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निर्देशक डॉ. रामनिवास, समन्वयक डॉ. नीलू खालसा समेत उनकी पूरी टीम को बधाई दी। यह युवा महोत्सव इंद्री के मटक माजरी स्थित शहीद उधम सिंह महाविद्यालय में 13-15 अक्तूबर को आयोजित किया गया। उपप्रधान विरेंद्र शिंगला ने कहा कि हमें हर क्षेत्र में महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों पर गर्व है।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि यह करनाल जोन के युवा महोत्सव में रिकॉर्ड बन गया है कि कोई महाविद्यालय लगातार 20 वर्षों से विजेता बनता आ रहा हो। इस वर्ष के युवा महोत्सव में यह रिकॉर्ड भी बना कि आर्य महाविद्यालय ने 26 विधाओं में प्रथम, सात विधाओं में द्वितीय व पांच विधाओं में तृतीय पुरस्कार हासिल किया। डॉ. रामनिवास ने बताया कि हमारे विद्यार्थी अभी से ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव व इंटर जोनल युवा महोत्सव की तैयारियों में लग गए हैं। इस अवसर पर उप प्राचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. मधु गाबा, डॉ. गीतांजलि, डॉ. नीलू खालसा, डॉ. विजय सिंह, डॉ. सोनिया सोनी, प्राध्यापिका आस्था गुप्ता, प्राध्यापक विवेक गुप्ता, अकरम खान, प्राध्यापिका दीक्षा नंदा, नेहा बंसल व अंजू मलिक मौजूद रहे।