माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सीआईए थ्री ने सेक्टर 24 में उझा मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक को दो देसी पिस्तौल के साथ पकड़ा है। पुलिस ने उसके पास से पिस्तौल बरामद कर ली है। वह 15 दिन पहले ही यह पिस्तौल दोस्तों में रौब दिखाने के लिए खरीदकर लाया था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया । रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की गई और शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
सीआईए थ्री प्रभारी विजय ने बताया कि उनकी टीम ने वीरवार रात को अदियाना गांव निवासी अशोक को पकड़ा है। उसके पास दो देसी पिस्तौल व एक गोली मिली है। पूछताछ में आरोपी अशोक ने दोनों देसी पिस्तौल करीब 15 दिन पहले करनाल के मंजूरा गांव निवासी एक दोस्त से खरीदने के बारे में बताया। उसने पुलिस को बताया कि उसको हथियार रखने का शौक है। शौक पूरा करने व दोस्तों में रौब दिखाने के लिए देसी पिस्तौल उधार में लेकर आया था। अब पुलिस आरोपी अशोक के दोस्त की धरपकड़ में जुटी है।