पानीपत। एंटी नारकोटिक्स सेल ने काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर में एक युवक को 320 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया। आरोपी यह गांजा पत्ती एक सप्ताह पहले दिल्ली से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसकी जमानत हो गई।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सुमित सरोहा ने बताया कि उनकी टीम बुधवार रात को पुराना औद्योगिक क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली थी कि काबड़ी रोड पर अर्जुन नगर में करियाना दुकान के बाहर एक युवक मादक पदार्थ लेकर बेच रहा है।
उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। यहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया। उसकी पहचान रोहित निवासी अर्जुन नगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास 320 ग्राम गांजा पत्ती मिली। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह खुद नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने व काॅलोनी के आस पास गांजा पत्ती बेचकर शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए वह गांजा पत्ती दिल्ली में एक अज्ञात युवक से एक सप्ताह पहले खरीदकर लाया था।