पानीपत। जीटी रोड पर टोल प्लाजा पास बड़े भाई के सामने छोटे भाई को एक कार ने कुचल दिया। यहां बड़ा भाई छोटे भाई से मिलने आया था। छोटा भाई मुलाकात कर वापस बाबरपुर मंडी जा रहा था। इसी वक्त यह हादसा हुआ। कार चालक यहां से फरार हो गया। बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को जिला नागरिक अस्पताल में लेकर गया, यहां से डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर केर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बिहार के सुपौल जिले के लौकहा गांव निवासी दलीप कुमार ने बताया कि वह कचरौली रोड के पास स्थित गीता स्पीनिंग मिल में रहता है। यहीं पर वह काम करता है। उसका छोटा भाई शंकर मंडल (36) बाबरपुर मंडी में परिवार के साथ किराए पर रहता था। वह टोल प्लाजा के पास एक फैक्ट्री में काम करता था। शुक्रवार शाम को शंकर अपना काम खत्म कर उससे मिलने के लिए टोल प्लाजा के पास आया था। वह जब उससे मिलकर बाबरपुर मंडी जा रहा था तो टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर उसको एक कार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर की मौत हो गई। उसने कार का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपी कार चालक पर कार्रवाई की जाए।