अपनी ही कालोनी के एक अन्य युवक के साथ दिल्ली से पानीपत स्थित एक पेट्रोल पंप पर सीएनजी लगाने के लिए पहुंचे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी।
संजय कॉलोनी भाटी माइनस, नई दिल्ली निवासी अनिल पुत्र ओम प्रकाश ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह कॉलोनी के रहने वाले युवक सुनील उर्फ खन्नू पुत्र सुभाष के साथ विकास पेट्रोल पंप पानीपत पर सीएनजी लगाने के लिए खुदाई का काम करने आया था। रात को करीब साढ़े 9 बजे जब वे काम करने के बाद खाना खाने के लिए बाबरपुर मंडी की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप से थोड़ी ही दूर जाने पर चंडीगढ़ की ओर से एक गाड़ी का चालक अपने वाहन को तेज रफ्तार से चलाता हुआ आया तथा सीधे सुनील को टक्कर मार दी। जिससे उसका दोस्त सीधा सड़क पर जा गिरा तथा गंभीर रूप से घायल हो गया। जब वह अपने दोस्त को संभालने लगा तो इसी दौरान गाड़ी चालक वहां से भाग निकला। उसने राहगीरों की मदद से घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां से डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन बाद में वहां से भी उसे रोहतक पीजीआई ले जाना पड़ा। जहां पर सोमवार को देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।