पानीपत। ददलाना गांव के रहने वाले एक युवक से स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने के नाम पर चार लोगों ने 28 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों में तीन महिला शामिल हैं। जिनमें एक कंपनी की मालिक और दो मैनेजर हैं। आरोपियों ने कहा था कि वीजा नहीं लगा तो वह दो माह में रुपये लौटा देंगे। कनाडा से वीजा न मिलने पर उन्होंने रुपये मांगे तो आरोपियों ने मना कर दिया। पीड़ित युवक के चाचा ने आरोपियों के खिलाफ सदर थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ददलाना गांव निवासी विजय पाल ने बताया कि नवंबर 2021 में उसके भतीजे विशाल के फोन पर वर्णित कंपनी की वर्कर रिया वर्मा व एकता ठाकुर का फोन आया। जिन्होंने उनको कनाडा का स्टडी वीजा लगवाने की बात कही। भतीजे के फोन पर जस बाजवा नाम की महिला ने फोन किया। उसने खुद को शपायर कंपनी की मालिक बताया। उसके भतीजे ने बताया कि उसके 12वीं के बाद आईलेट में छह बैंड आए हैं। जिस पर जस बाजवा ने कहा कि उसको स्टडी वीजा पर वह बाहर भेज देंगे। जस ने भतीजे के बाद उससे बात की और विश्वास दिलाया कि वह पढ़ाई के लिए भेज देंगे। उन्होंने 25 लाख रुपये की फीस मांगी। पहले कनाडा से ऑफर लेटर मंगवाने के लिए दो लाख मांगे, जो जमा करा दिए। वह फिर रुपये मांगने लगी। उन्होंने 2021 में 10.57 लाख रुपये जमा कराए। उसके बाद 11.50 लाख रुपये जमा कराए। आरोपियों ने कहा कि उन्होंने कनाडा के कॉलेज में फीस जमा करा दी है, जल्द ही लेटर आ जाएगा। नवंबर 2021 में व्हाट्सएप पर उनको यह पत्र भेजा। उन्होंने बाकी रुपये जमा कराने की बात कही। सितंबर 2022 में वीजा से इंकार हो गया। उन्होंने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने दो माह का समय दिया, लेकिन बाद में लौटाने से मना कर दिया।
विजय पाल ने बताया कि जस बाजवा ने उससे कनाडा के लिए 25 लाख रुपये मांगे थे। उसने रुपये कम करने के लिए कहा तो जस ने कहा कि उनके पास लिमिटेड सीट हैं, अगर किसी कारण वीजा नहीं आया तो वह रुपये वापस करने की जिम्मेदारी उनकी होगी। उनके कनाडा की कई बड़ी कंपनी व यूनिवर्सिटी में लिंक है। विजय ने बताया कि जस बाजवा, एकता ठाकुर व रिया वर्मा तीनों बार-बार भतीजे के पास फोन करने लगी। व्हाट्सएप के माध्यम से उसे दिखाया कि इतने बच्चों की पढ़ाई के वीजा पर बाहर भेजा है।
वर्जन
पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
-इंस्पेक्टर राम निवास, प्रभारी, सदर थाना