पानीपत। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी की जा रही है। स्टेशन पर सामान की जांच के लिए एक्सरे मशीन लगाई जाएगी। मशीन से स्टेशन के प्रवेश द्वार पर यात्रियों के सामान की जांच की जाएगी, इससे किसी भी संदिग्ध वस्तु को समय रहते पकड़ा जा सकेगा। एक्सरे मशीन लगने से स्टेशन पर सुरक्षा का स्तर काफी बढ़ जाएगा और यात्रियों को भी अधिक सुरक्षित माहौल मिलेगा। खासकर त्योहारों, अवकाश और भीड़भाड़ के समय यह व्यवस्था काफी कारगर साबित होगी।
वर्तमान में स्टेशन पर सीमित संसाधनों के सहारे सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। हालांकि यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा के लिए लगातार सामने आ रही चुनौतियों को देखते हुए आधुनिक तकनीक का सहारा लेना जरूरी हो गया है। इसी कड़ी में स्टेशन पर एक्सरे मशीन लगाने का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। एक्सरे मशीन लगाने की यह योजना यात्रियों की सुरक्षा को नई मजबूती देगी। मुख्य प्रवेश द्वार पर एक्सरे मशीन लगाई जाएगी। यहां यात्रियों के बैग, सूटकेस और अन्य सामान की जांच की जाएगी, इससे न केवल अवैध या संदिग्ध वस्तुओं की पहचान आसान होगी बल्कि किसी भी आपात स्थिति से पहले ही निपटने में मदद मिलेगी।
यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। एक्स-रे मशीन के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। एक्स-रे मशीन लगने से स्टेशन पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति के सामान की बेहतर जांच हो सकेगी।
- दिनेश कुमार मीना, थाना प्रभारी आरपीएफ।