समालखा। समालखा में जीटी रोड हाइवे की सर्विस लेन पर गड्ढे भरने का काम शुरू हो गया है। सर्विस लेन पर लगातार हो रहे हादसों के बाद काम शुरू कर दिया गया। जिससे वाहन चालकों को राहत मिली।
जीटी रोड पर समालखा में सर्विस लेन काफी समय से खस्ताहाल थी। आए दिन वाहनों के पलटने की घटनाएं हो रही थी। मंगलवार व बुधवार को हुई बरसात से समालखा में सर्विस लेन पर साई गार्डन के सामने गड्ढों में जलभराव होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली पलट गई थी। जिस कारण वाहन चालकों को जाम का भी सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही हादसों का खतरा भी बना हुआ था। 20 व 21 जून को अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद एनएचएआई के अधिकारी हरकत में आए। अधिकारियों ने सर्विस लेन के गड्ढे भरने का काम शुरू करा दिया।
समालखा निवासी रणजीत सिंह और विजय ने कहा कि गड्ढों के कारण हादसों का खतरा रहता था। अब गड्ढे भरने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस लेन से निकल पाना मुश्किल हो जाता है। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि दो दिन में सड़कों के गड्ढों को भरने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
बॉक्स
विधायक ने संज्ञान लेकर दिए आदेश
विधायक मनमोहन भड़ाना ने एनएचएआई अधिकारियों को सर्विस लेन पर गड्ढोंं के विषय को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर सर्विस लेन की मरम्मत के आदेश दिए। कंपनी के कर्मचारी अभय मिश्रा ने दावा किया है कि अगले 20 से 25 दिनों में सड़क को बनाकर ठीक कर दिया जाएगा। सर्विस रोड पर करीब 150 मीटर सड़क को उखाड़ कर फिर से बनाया जाएगा। सड़क को उखाड़ कर उस पर छह इंच की कंक्रीट बिछाई जाएगी। इसके बाद पेबर ब्लॉक लगाकर करीब 150 मीटर का पैच लगाया जाएगा।