पानीपत। मॉडल टाउन स्थित ओपीएस ज्वेलर्स शोरूम में धनतेरस पर सोना खरीदने के बहाने आई तीन महिलाओं ने सोने के दो कड़े चोरी कर लिए। महिलाओं ने सेल्समैन को बातों में उलझाकर अपने कपड़ों में कड़ों को छिपा लिया। महज पांच मिनट में वारदात को अंजाम देकर वे चंपत हो गईं। अब शोरूम के मैनेजर ने आरोपी महिलाओं पर केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है।
करनाल के मोतीनगर निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि वह मॉडल टाउन स्थित ओपीएस ज्वेलर्स शोरूम में मैनेजर हैं। प्रतिष्ठान में 15 लोगों का स्टाफ है। मंगलवार को धनतेरस के दिन शाम छह बजे वह काउंटर पर बैठे थे। इस दौरान तीन महिलाएं आईं और सोने के कड़े देखने लगीं। दो महिलाओं ने दो कड़े चोरी कर लिए। उसने शाम को स्टॉक की जांच की तो दो कड़े कम मिले। सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर दो महिलाएं कड़े चोरी करते देखी गईं। चोरी हुए कड़ों का वजन 73.520 ग्राम और कीमत करीब चार लाख रुपये है। उन्होंने अपने स्तर पर महिलाओं की काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद बुधवार को मॉडल टाउन थाना पुलिस को मामले में शिकायत दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।