संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। थाना क्षेत्र के परढ़ाना गांव में महिलाओं के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक के कंधे में चाकू लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी जयप्रकाश ने बताया कि वह परढ़ाना गांव में किराये के मकान में रहते हैं। उनके साथ दिल्ली निवासी मनोज भी वहीं रह रहे हैं। सोमवार रात दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। जयप्रकाश का आरोप है कि जब वह झगड़ा शांत कराने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उनके कंधे पर दो जगह चाकू लगे, जिससे वह घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें पहले इसराना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।