पानीपत। महिला एवं बाल विकास विभाग की पिछले आठ वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा मंगलवार को होगी। इसके लिए सब जोनल बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य रूप से पहुंचेंगी। इसमें महिलाओं को विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं के जरिये दिए जाने वाले लाभों पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही योजनाओं को और आगे बढ़ाने और इनमें आने वाली समस्याओं को दूर करने पर भी चर्चा होगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की निदेशक हेमा शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य वक्ता होंगी। इसके साथ-साथ विभाग की राज्यमंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्र और कमलेश ढांडा समेत अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा उद्घाटन सत्र में वक्ता होंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के सचिव इंदेवर पांडेय विभिन्न विषयों पर महिला लाभार्थियों से जुड़ी योजनाओं पर विचार रखेंगे।
इस दौरान स्वास्थ्य, मुद्रा स्टार्टअप, पोषण अभियान, सक्षम आंगनबाड़ी, मिशन शक्ति स्कीम, मिशन वात्सल्य और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। महिला लाभार्थी भी अपने अनुभव साझा करेंगी। इस सत्र में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को लेकर वीडियो भी दिखाई जाएगी। इस समीक्षा बैठक के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, वित्त और स्वास्थ्य मंत्रालय केसथ यूनीसेफ, विश्वविद्यालय, सामाजिक संगठनों और प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि भी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद का पोषण अभियान की वीडियो दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
निदेशक हेमा शर्मा ने बताया कि इसके बाद बच्चों के लिए बाल लाभार्थी अनुभवों पर चर्चा होगी, जिसमें केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त सचिव बच्चों के कल्याण के लिए चलाई गई योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसमें भी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, शिक्षा और जेजे एक्ट से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें भी यूनीसेफ की ओर से योजनाओं के माध्यम से बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव पर प्रस्तुतीकरण होगा। इसके साथ इस सत्र में विभिन्न प्रतिभागियों और विश्वविद्यालयों की ओर से प्रतिनिधियों के बीच वार्तालाप आयोजित किया जाएगा और कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी का संबोधन होगा। बैठक में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकारी और प्रतिनिधि भाग लेंगे।