गांव बराना में एक 22 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवती के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पति, सास, ससुर व देवर ने मिलकर युवती को मानसिक व शारीरिक प्रताड़नाएं दी, जिससे परेशान होकर बेटी ने यह कदम उठाया। सेक्टर 13-17 पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रणधीर निवासी गांव बिहोली ने बताया कि बेटी मोनिका की शादी गत 2017 में रविंद्र पुत्र रामकिशन निवासी गांव बराना के साथ की थी। वर्तमान समय में उनके पास एक वर्ष की बच्ची जया है। आरोप है कि मोनिका को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे, उसको मानसिक व शारीरिक प्रताड़ित करते थे। इसी वजह से बेटी मानसिक परेशान चल रही थी। शुक्रवार को दामाद रविंद्र ने फोन पर मोनिका के फंदे पर लटकने की सूचना देकर बुलाया। पिता ने मोनिका के पति रविंद्र, ससुर रामकिशन, सास शुलौचना व देवर जय के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाया है।
फंदे लगाने से घंटे पहले पिता को फोन पर दी थी झगड़ा होने की सूचना
पिता ने बताया कि फंदा लगाने से करीब दो से ढाई घंटे पहले बेटी का उसके पास फोन आया और पति मारपीट कर रहा है की सूचना दी। वहीं साढे़ 12 बजे दामाद ने फोन किया कि बेटी ने फांसी लगा ली। उन्हें शक है कि ससुरालियों ने उसको मारकर फंदे पर लटकाया है।
छह बार हुई पंचायत, हर बार माफी मांगकर ले जाते थे ससुराल
पिता का कहना है कि शादी से अब तक दो साल के अंदर करीब पांच से छह बार बापौली के अंदर पंचायतें हुई, जिनमें पति व ससुराल पक्ष के लोग सामाजिक दबाव बनाकर मोनिका को सुसराल ले जाते थे। पति नशे का आदी है।
पुलिस ने ससुराल पक्ष के पति समेत चार लोगो के खिलाफ के केस दर्ज कर लिया है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- कमलजीत, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी।