शक्ति विहार कॉलोनी में 26 वर्षीय पत्नी ने पति से नाराज होकर दो मंजिला छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। पति ने बताया कि पत्नी एकता विहार कॉलोनी में रहने की जिद्द कर रही थी और वहां पर तीन लाख रुपये कीमत का एक प्लाट खरीदने की बात कर रही थी। उसने मना किया तो रविवार रात 10 बजे छत से कूद गई। उसने एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी थी, लेकिन सुबह पत्नी को उठाने का प्रयास किया तो वह मृत मिली। चांदनीबाग थाना पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंप दिया है।
शक्ति विहार कॉलोनी निवासी रवि कुमार ने बताया कि उसकी गत साल पहले मंजू (26) से शादी हुई थी। उनका अब ढाई साल एक बच्चा है। वह मेहनत मजदूरी करता है। पत्नी मंजू पिछले तीन दिनों से एकता विहार कॉलोनी में एक प्लाट खरीदना चाहती थी। जिसकी कीमत ढाई से तीन लाख रुपये के करीब है। वह मजदूर है, इसलिए प्लाट खरीदने में असमर्थ है। उसने पत्नी को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी मंजू अपनी जिद्द पर अड़ी रही। इसी जिद्द की वजह से रविवार को देर रात पत्नी मंजू ने दो मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। उसने पड़ोसियों ने सूचना दी, जिस सूचना पर वह मौके पर पहुंचा और मंजू को एक निजी अस्पताल लेकर गया। जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया और उसे छुट्टी दे दी। वह पत्नी को लेकर घर आ गया और वह सो गए। सुबह उसने पत्नी को जगाने का प्रयास किया तो वह मृत थी। चांदनीबाग थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंप दिया है।
जिद्द से परेशान होकर पति ने लगा दिए थे दो थप्पड़
पति ने बताया कि जब पत्नी ने खाना न बनाने और बच्चे को भूखा रखने की बात कही तो उसे गुस्सा आ गया और उसने पत्नी को दो थप्पड़ मार दिए। वहीं पत्नी ने भी उसके साथ हाथापाई की। पत्नी उसका कॉलर पकड़े हुए थी, इसी बीच उसकी बुआ की बेटी गीता आ गई और उसने मंजू को समझाने का प्रयास किया। उसने कहा कि यह गरीब है, मकान नहीं खरीद सकता, काफी देर समझाने के बाद मंजू ने कॉलर छोड़े।
वर्जन
पुलिस को सामान्य अस्पताल से रुक्का मिला था, जिस सूचना पर एएसआई प्रमोद अस्पताल पहुंचे। मामले में 174 की कार्रवाई की है, शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंप दिया है।
- अंकित कुमार, चांदनीबाग थाना प्रभारी।