चाकू की नोक पर महिला से दुष्कर्म करने वाले आरोपी तांत्रिक को किला थाना पुलिस ने राजाखेड़ी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना किला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को थाना किला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव निवासी महिला ने शिकायत देकर बताया था कि महिला की शादी के कई वर्ष बाद भी उनको कोई संतान नहीं है। कुछ समय पहले उसका पति और वह अनिल उर्फ नीटू के संपर्क में आए। अनिल उर्फ नीटू झाड़फूंक का काम करता था। उसने पुत्र प्राप्ति के लिए उसका इलाज किया। जिस कारण आरोपी का उसके घर पर आना जाना हो गया था। कोई फायदा ना होने पर उन्होंने तांत्रिक घर पर आने के लिए मना किया था। 17 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह घर पर अकेली थी तो आरोपी जबरदस्ती घर मे घुसकर उसके साथ चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। उसने शाम को पति को आपबीती बताई। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत किला थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने महिला का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराकर आरोपी तांत्रिक पर केस दर्ज किया था।