पानीपत। सीआईए-2 की टीम ने पाथरी मेले में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने की आरोपी महिला को शनिवार शाम पाथरी गांव के अड्ड़े से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला राजो उर्फ लाजो निवासी वधावाराम कॉलोनी के कब्जे से पुलिस ने 75 हजार रुपये की नकदी बरामद की। पूछताछ में महिला ने बताया कि अमीर बनने के लालच में उसने वारदात को अंजाम दिया था।
सीआईए-2 प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को उनकी टीम गश्त के दौरान पाथरी गांव में मौजूद थी। उसी समय पुलिस को सूचना मिली कि गांव के बस अड्डे पर एक संदिग्ध महिला घूम रही है। पुलिस ने तुरंत ही महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजो ने बताया कि वह मूल रूप से नन्हेड़ी गांव फतेहाबाद की रहने वाली है। वर्तमान में वधावाराम कॉलोनी में रहती है। एक अप्रैल को उसने पाथरी माता मेले में एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी की थी। डेढ़ तोले की चेन को मेले में ही एक अज्ञात युवक को 1.20 लाख रुपये में बेचकर कुछ पैसे खर्च कर दिए थे। पुलिस ने महिला के कब्जे से 75 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।