पानीपत। संजय चौक के पास स्थित आरबीएल बैंक के एटीएम बूथ से एक चोर ने युवक का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से साढ़े 14 हजार रुपये निकाल लिए। युवक ने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल के बल्ला गांव निवासी अजमेर ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर एक बजे संजय चौक के पास स्थित आरबीएल बैंक के एटीएम बूथ से दो हजार रुपये निकलवाने के लिए गया था। यहां पहले से एक युवक खड़ा था। जब वह डेबिट कार्ड मशीन में लगाने लगा तो उस युवक ने उसे कहा कि वह पैसे निकालने में मदद कर देता है।उसने उसके हाथ से डेबिट कार्ड लिया और दो हजार रुपये व उसका डेबिट कार्ड उसे दे दिया। वह पैसे लेकर घर आ गया। इसी वक्त उसके खाते से साढ़े 14 हजार रुपये डेबिट होेने का संदेश आया। उसने डेबिट कार्ड जांचा तो यह कार्ड बदला हुआ मिला। एटीएम बूथ में मिले युवक ने उसका डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से पैसे निकाल लिए।