कर्मचारियों से रंजिश के चलते हत्या किए जाने का आरोप, समझौते के लिए रुपये देने की पेशकश का भी दावा
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के ट्यूबवेल ऑपरेटर केशव (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उनकी पत्नी राधा ने साथ काम करने वाले कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि केशव के साथ कर्मचारियों की रंजिश थी, जिसके चलते उनकी हत्या की गई।
राधा ने यह भी आरोप लगाया कि एचएसवीपी कार्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने मामले में समझौता करने के लिए 10 से 12 हजार रुपये देने की पेशकश की। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
राधा वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने शव की स्थिति का हवाला देते हुए शिनाख्त करने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि शव गल-सड़ चुका है, जिससे चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आ रहा। राधा ने बताया कि वह 10 दिन के लिए अपने बच्चों के साथ नेपाल स्थित घर गई थीं। इसी दौरान केशव लापता हो गए। उनका मोबाइल भी बंद आ रहा था।
केशव का शव मंगलवार देर शाम कुराड़ गांव के पास ड्रेन नंबर-दो में मिला था। पेंट की जेब में मिले मोबाइल के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई थी। सनौली थाना पुलिस ने बुधवार को डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने विसरा जांच के लिए भी भेजा है।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
सनौली थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में शव मिला था। पोस्टमार्टम के बाद वीरवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिजनों को हत्या के संबंध में शिकायत है तो वे संबंधित थाने में दें, जहां मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
43