समालखा। कीर्ति बैनीवाल ने ग्रीस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। स्विटजरलैंड की खिलाड़ी को पराजित कर पदक जीतने वाली खिलाड़ी का चांद स्पोर्ट्स अकादमी में स्वागत किया। इसके बाद उनका समालखा रेलवे स्टेशन पर विधायक मनमोहन भड़ाना के प्रतिनिधि मेनपाल भड़ाना व निजी सचिव धर्मेंद्र और परिजनों ने उन्हें आशीर्वाद दिया।
उनको रेलवे स्टेशन से डीजे के साथ जुलूस के रूप में अकादमी तक ले जाया गया। चांद स्पोर्ट्स अकादमी के कोच राजीव कुमार और रजनी देवी ने बताया कि ग्रीस के रेसलिंग स्टेडियम में 28 फरवरी से दो मार्च तक इंटरनेशनल वुशू चैंपियनशिप आयोजित की। जिसमें 26 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय टीम में 22 खिलाड़ियों ने भाग लिया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में स्विट्जरलैंड को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस मौके पर समालखा सब्जी मंडी संगठन के प्रधान संजय बैनीवाल, पार्षद पति विपिन छाबडा, भीम सिंह बैनीवाल, आजाद सिंह बैनीवाल, राजेश बैनीवाल और नंदलाल मौजूद रहे।