संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिले में इन दिनों धान कटाई का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। किसान खेतों की जुताई व गेहूं की बिजाई में लगे हैं। हालांकि कुछ किसानों में गेहूं बिजाई के लिए अनुकूल समय को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय मौसम गेहूं की बिजाई के अनुकूल बना हुआ है। इसलिए खेत खाली होते ही किसान गेहूं की बिजाई में देरी न करें। गेहूं की अगेती बिजाई के लिए 25 नवंबर तक का समय अनुकूल है।
वहीं दूसरी मंगलवार शाम को जिले में भयंकर स्मॉग छा गई । दृश्यता घटकर लगभग 70 मीटर तक रह गई। स्मॉग से सांस लेने में परेशानी हुई और आंखों में जलन महसूस हुई।
इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव चल रहा है। नवंबर का दूसरा सप्ताह चल रहा है लेकिन लोगों को अपेक्षाकृत गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में खुश्की बनी हुई है जिससे किसानों को सर्दी का थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 14 नवंबर के बाद गुलाबी ठंड का दौर शुरू होगा। इसके बाद कड़ी ठंड पड़ेगी जो गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद होगी।
इस प्रकार रहा जिले का तापमान ः इन दिनों मौसम में ज्यादा परिवर्तन नहीं है। आगामी 15 दिन बारिश के भी आसार नहीं हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, 14 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान घटकर 14 डिग्री रहने की संभावना है। 25 नवंबर तक आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री रहने की संभावना है।
ठंड बढ़ने पर बेहतर होगा गेहूं का अंकुरण ः उपमंडल कृषि अधिकारी देवेंद्र कुहाड़ ने बताया कि आगामी दिनों तापमान में गिरावट आने से गेहूं का अंकुरण भी अच्छा हो सकेगा। जिले में करीब 80 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई की जाती है। इन दिनों गेहूं बिजाई के लिए अनुकूल समय बना हुआ है। 25 नवंबर तक गेहूं की अगेती और 15 दिसंबर तक पछेती किस्मों की बिजाई कर सकते हैं।