गांव के चौधरी ग्रामीण विकास के साथ अब ग्रामीणों को पानी बचाने का संदेश भी देंगे। इसके लिए इन्हें जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चौधरियों को वाटर सेनिटेशन स्पोर्ट आर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएसएसओ) की ओर से पानी बचाओ, पानी का सही प्रयोग एवं स्वच्छ पानी के बारे में जागरूक किया जाएगा।
पांचवीं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में इस बार युवा चुनकर आए हैं। इन्हें सामूहिक रूप से शपथ दिलाकर सरकार की योजनाआें एवं सोच से अवगत कराया गया।
युवा पंचायतों से गांव में विकास के साथ समस्याओं के समाधान में भी सहयोग लेने का निर्णय किया गया। इसमें जल संकट गहन विषय है। इसके लिए सरपंचों को जागरूक किया जाएगा।
कहां कब होगा कार्यक्रम
सबसे पहले खंड मतलौडा में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मतलौडा कार्यालय पर तीन मार्च को सुबह नौ बजे प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं इसराना में आठ मार्च, पानीपत में दस मार्च, बापौली में 15 मार्च, सनौली में 16 मार्च व समालखा ब्लॉक में 22 मार्च को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पेयजल बर्बादी पर लगेगा अंकुश
विभाग की ओर से खंड स्तर पर पानी बचाने को लेकर दिए जाने वाले प्रशिक्षण से काफी हद तक ग्रामीण क्षेत्र में व्यर्थ में बह रहे पेयजल पर अंकुश लग सकेगा। इससे लोगों में पानी के सही इस्तेमाल एवं स्वच्छ पानी को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।
ये लेंगे भाग
प्रशिक्षण के दौरान ग्राव सचिव, सरपच, दो पंच (एक पुरुष व एक महिला) एएनएम, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, साक्षर महिला मंडल प्रधान, साक्षर महिला समूह प्रधान, अध्यापक, चौकीदार, ट्यूबवैल, ऑपरेटर समेत अन्य भाग लेंगे।
वाटर सेनिटेशन स्पोर्ट आर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएसएसओ) की ओर से पानी बचाओ, पानी का सही इस्तेमाल करने, स्वच्छ पानी पीने बारे लोगों को जागरूक किया जाएगा। मतलौडा ब्लॉक में 3 मार्च को प्रशिक्षण दिया जाना है। एक महीने में सभी ब्लॉक में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
राजेश कौशिक, एक्सईएन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, पानीपत।