पानीपत। गर्मी का मौसम शुरू होते ही स्टेशन पर पीने के पानी की समस्या चल रही है। स्टेशन प्लेटफार्म में लगे कई नलों में पानी नहीं आ रहा है। जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं की कमी से यात्री परेशान हो रहे हैं।
स्टेशन पर लगे कुछ नलों में पानी आ रहा है लेकिन कई नल ऐसे हैं जो लंबे समय से बंद पड़े हैं। इससे यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पानी के लिए जाना पड़ता है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इससे ज्यादा परेशानी होती है। गर्मी के दिनों में पीने के पानी की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। ऐसे समय में अगर स्टेशन पर पानी की व्यवस्था सही नहीं होगी तो यात्रियों की परेशानी स्वाभाविक है।
यात्री जोगिंद्र ने बताया कि स्टेशन पर पानी की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में पानी की बोतल खरीदनी पड़ी। ऐसे बहुत से यात्री होंगे जिन्हें पानी की सही सुविधा न होने के कारण पैसे देकर पानी खरीदना पड़ता होगा। यात्री अनिल ने बताया कि जब ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है तो प्यास लगने लगती है और ऐसे में स्टेशन के नलों में पानी नहीं मिलेगा तो यात्री परेशान ही होंगे। सभी नलों में नियमित रूप से पानी आना चाहिए ताकि यात्रियों को पीने के पानी की दिक्कत न हो।
वर्जन :
स्टेशन मास्टर राजेश कुमार ने बताया कि जिन नलों में पानी की समस्या आ रही है। उन्हें जल्द ठीक करवाया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गर्मी के मौसम को देखते हुए पीने के पानी की व्यवस्था और बेहतर की जा रही है।