इसराना। हाईवे के सर्विस लेन पर जमा पानी वाहन चालकों और लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस संबंध में एसडीएम ने सिंचाई विभाग को हाईवे के नाले में पानी न डालने के निर्देश दिए थे लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। यह मामला गत दिनों समाधान शिविर में उठा था। इस पर एसडीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। नौ नंबर राजवाहे का पानी हाईवे के नालों से ले जाना जारी है। इसलिए नाले ओवरफ्लो होने के कारण हाईवे की दोनों तरफ की लेन पर पानी जमा हो गया है। ये गंदा पानी राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
ग्रामीण सुखपाल कुंडू, सुनील कुमार, वीरेंद्र जागलान, जयकरण जागलान, जितेंद्र सिंह, दिलबाग सिंह, सुमेर सिंह, जय सिंह, चंद्र सिंह जागलान, हरिचंद, राजरूप व सतबीर सिंह ने बताया कि कुछ वर्षों से सिंचाई विभाग खेतों में पानी सप्लाई के लिए हाईवे के नालों को उपयोग में लाया जा रहा है। जिससे नाले ओवरफ्लो होकर पानी हाईवे की सर्विस लेन पर जमा हो जाता है। ग्रामीण जनप्रतिनिधि के अलावा प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। पिछले माह समाधान शिविर में मामला पहुंचने पर एसडीएम ने सिंचाई विभाग को रजवाहे के पानी को हाईवे के नालों में नहीं डालने के निर्देश दिए थे। सिंचाई विभाग ने निर्देश की पालन नहीं किया और फिर से पानी को हाईवे के नालों में डाल दिया। जिससे सर्विस लेन पर गंदा पानी भर गया।