पानीपत। डिपोधारक ऑनलाइन होने के बाद भी गरीबों के हक का राशन डकार रहे हैं। सीएम फ्लाइंग ने शहर के राशन डिपो पर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन चली कार्रवाई में एक बड़े मामले का खुलासा किया। तहसील कैंप के भगत नगर में भूलभुलैया चौक के पास एक राशन डिपोधारक शुक्रवार को 448 किलो बाजरे की आठ बोरी बेचने की तैयारी में था। वह मोटरसाइकिल रिक्शा पर लोड कराकर बरसत रोड तक पहुंच भी गया था। सीएम फ्लाइंग की टीम ने उसको मौके से ही पकड़ लिया। डिपो का रिकॉर्ड जांचा तो सबकुछ सामने आ गया। रिकॉर्ड के अनुसार 284 किलोग्राम चीनी और 2510 किलोग्राम गेहूं पहले ही गायब किया जा चुका है। डिपोधारक सीएम फ्लाइंग के बुलाने पर भी नहीं पहुंचा। टीम ने पूरे प्रकरण की पुलिस और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीएम फ्लाइंग के उप निरीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। उनको शिकायत मिली थी कि एक मोटरसाइकिल रिक्शा पर राशन डिपो से बाजरे के कट्टे भरकर बेचने के लिए जा रहा है। बरसत रोड पर बिचपड़ी चौक के पास उसे पकड़ा और पूछताछ में डिपो संचालक के काले कारनामों का खुलासा हो गया। रिक्शा चालक उनको भगत नगर में सुरेश कुमार के राशन डिपो पर ले गया। उसने बताया कि उसको यहीं से कट्टे लोड कराए गए थे।
टीम ने डिपो संचालक को बुलाया, लेकिन उसकी जगह सुमित डिपो की चाबी लेकर पहुंचा। इस दौरान पुलिस और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। डिपो के रिकॉर्ड की जांच की तो मौके पर केवल 71 किलोग्राम चीनी और 11950 किलोग्राम गेहूं मिला। जबकि रिकॉर्ड में चीनी 355 किलोग्राम और गेहूं 14460 किलोग्राम होना चाहिए था। इस हिसाब से डिपो संचालक ने 284 किलोग्राम चीनी और 2510 किलोग्राम गेहूं गायब कर दिया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को डिपो सील करने की कही है। जबकि पुलिस को पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की है।
राशन डिपो में गड़बड़ी, विभाग कार्यप्रणाली पर अंकुश: सीएम फ्लाइंग ने वीरवार को सेक्टर 12 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के राशन डिपो से गोलमाल पकड़ा था। यहां भी काफी अनियमितताएं मिलने पर डिपो को सील कर दिया था। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।
मामला मेरे संज्ञान में आ चुका है। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई और शिकायत भी मिली है। इस पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- फूल सिंह, थाना प्रभारी, तहसील कैंप थाना।