पानीपत। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में शहर को अच्छी रैंकिंग दिलाने के लिए नगर निगम ने एक नया प्लान बनाया है। इसके तहत शहर के 26 में से किसी एक वार्ड को ‘मॉडल’ वार्ड बनाया जाएगा। इसमें सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं के साथ साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसे देखकर निगम अधिकारियों से लेकर दूसरे वार्डों के आम लोग भी प्रेरणा लें सकेंगे कि अगर वे भी अपनी वार्ड को साफ सुथरा रखने की भूमिका निभाएं तो उनका वार्ड भी मॉडल वार्ड की तरह चमक सकता है।
इसे लेकर शनिवार को मेयर अवनीत कौर ने अपने कार्यालय सेक्टर 13-17 में पर्यावरण संरक्षण के कार्यों मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संस्था एनजीओ ग्रीन अर्थ के पदाधिकारियों समेत नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन की टीम की कप्तान कविता कादियान, सफाई शाखा से एसआई रिंकू और जेबीएम से अधिकारी के साथ बैठक की।
इस दौरान ग्रीन अर्थ संस्था के नरेश भारद्वाज ने बताया कि किस तरीके से सफाई की सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जाएं ताकि शहर का सुधार हो सके। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट किस प्रकार से की जाए जिससे कूड़े का निष्पादन किया जा सके। वहीं, सफाई शाखा समेत जेबीएम के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने विचार रखे। इस पर मेयर ने कहा कि वे निगम के किसी एक वार्ड को मॉडल वार्ड के तौर पर तैयार करवाएंगी ताकि और लोगों को भी इससे प्रेरणा मिले और बाकी वार्डों मे भी इसी आधार पर सुधार किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर में आईईसी गतिविधियों को बड़े स्तर पर किया जाएगा।
लोगों से की अपील
मेयर अवनीत कौर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने घर से ही गीला व सूखा कचरा अलग अलग करें ताकि उसको तकनीकी मध्यम से रि-साइकल किया जा सके। पानीपत ऐतिहासिक नगर है इसकी पहचान को अंतरराष्ट्रीय पर ले जाया जाएगा।