पानीपत/इसराना। सरसों की खरीद शुरू होने के दो दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक खरीदारी शुरू नहीं हो सकी। किसानों की सरसों का पोर्टल पर सत्यापन नहीं हो रहा है। जिस कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को इसराना मंडी का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे एसडीएम नवदीप सिंह सैन के सामने भी किसानों ने इस समस्या को रखा। जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस समस्या का निस्तारण होगा। सरसों और गेहूं की खरीदारी के लिए किसानों को सत्यापन में दिक्कतें आ रही है। किसानों का कहना है कि पोर्टल पर उनकी फसल का सत्यापन नहीं हो रहा है। जिस कारण वह सरकारी एजेंसियों को फसल नहीं बेच पा रहे हैं। किसानों की समस्या को देखते हुए रविवार एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने इसराना अनाज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने पीने का पानी, अटल किसान मजदूर कैंटीन, स्ट्रीट व टावर लाइटों की भी जांच की।
इस दौरान एसडीएम नवदीप नैन ने आढ़तियों से भी बातचीत की और आश्वासन दिया कि प्रशासन की तरफ से किसानों व आढ़तियों को कोई भी परेशानी नहीं आने देंगे। एसडीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरसों व गेहूं का सत्यापन कराने के लिए किसानों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। मार्केट कमेटी के सचिव पवन ने एसडीएम नवदीप नैन को अटल कैंटीन निरीक्षण के दौरान कहा कि कैंटीन में खाना बनाने वाले सोमवार को आएंगे और मंगलवार से कैंटीन चालू हो जाएगी। बता दें कि इसराना मंडी में शनिवार को कुछ किसान सरसों लेकर आए थे। रविवार को छुट्टी होने पर अब सरसों की खरीद सोमवार को होगी।