पानीपत। आईबी पीजी कॉलेज में सात दिवसीय शिविर का सोमवार को पांचवां दिन रहा। शिविर की शुरुआत योग सत्र से हुई। यूथ रेडक्रॉस की कला भारद्वाज ने स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सर्पदंश, ततैया और कुत्ते के काटने जैसी आपात स्थितियों में तुरंत किए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। स्वयंसेवकों को बीपी कम और ज्यादा होने पर आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया बताई गई।
सात दिवसीय शिविर 12 मार्च तक चलेगा। इसका उद्देश्य समाज सेवा और जागरूकता को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा सीपीआर रहा जिसमें स्वयंसेवकों को हाथों-हाथ प्रशिक्षण दिया। देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज के ग्रीनमैन डॉ. दलजीत के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में हर्बल गार्डन विकसित किया। प्रो. दलजीत ने कहा कि औषधीय पौधों से न केवल पर्यावरण संरक्षित होगा बल्कि विद्यार्थियों को इनका व्यावहारिक ज्ञान भी मिलेगा। प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा ने कहा कि एनएसएस इकाई द्वारा किया गया यह कार्य सराहनीय है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जोगेश और खुशबू के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने हर्बल गार्डन स्थापित कर कॉलेज के लिए एक अमूल्य योगदान दिया है।
यह उद्यान आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी संसाधन साबित होगा। गार्डन में अंजीर, तुलसी, मरूआ, करी पत्ता, लैमन ग्रास, अमरूद, सुख शांति, नागदौन, मोगरा, इलायची, पत्थरचट्ट, इन्सुलिन, यूफोर्बिया, हरड़, सिंदूर, मल्टीस्पाइसिज, तेजपत्ता, दालचीनी, हरसिंगार, रातरानी, मदर ऑफ हंड्रेड बेबीज, आखा, गुड़हल, अनार, अर्जुन आदि के 150 से अधिक पौधे लगाए। स्वयंसेवकों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लिया जिससे उनके भीतर टीम भावना और ऊर्जा का संचार हुआ।