पानीपत। तहसील कैंप विजय नगर के विशाल उर्फ काला (21) की बर्फ तोड़ने वाले सुए व चाकू से 10-12 वार कर हत्या कर दी। विशाल का शव सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सेक्टर-13-17 थाना क्षेत्र में हेलीपैड के पास खंडहर में मिला है।
पुलिस ने मात्र आठ घंटे में वारदात का खुलासा करते हुए शाम चार बजे भोला चौक से चार आरोपी मानव उर्फ कुश, दीपक, सुकांत उर्फ सक्कू व अभिषेक उर्फ विजय को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक साथ बैठकर नशा किया। कहासुनी में विशाल ने उन्हें गाली दी। जिसका बदला लेने के लिए उसकी हत्या कर शव खंडहर में फेंक दिया। विजय नगर के सतीश ने बताया कि उनका छोटा भाई विशाल उर्फ काला रविवार सुबह आठ बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था।
इसके बाद वह वापस नहीं आया। शाम करीब पांच बजे विशाल ने फोन कर मां को बताया कि वह 13-17 में दोस्तों के साथ है और जल्द ही घर आ जाएगा। लेकिन, वह नहीं आया। करीब नौ बजे कॉलोनी के ही नीशू उनके घर आया और कहा कि ऐसी सूचना मिल रही है कि विशाल की हत्या कर दी गई है। इसके बाद वे विशाल की तलाश में लग गए। वे देर रात तक सेक्टर-13-17 में तलाश की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस ने तुरंत ही गुमशुदगी दर्ज कर ली। रातभर तलाश के बाद भी विशाल का कोई पता नहीं चला।
सोमवार सुबह को परिजन एक बार फिर सेक्टर-13-17 में तलाश के लिए पहुंचे। करीब साढ़े नौ बजे जीटी रोड हाईवे पर सर्विस लाइन के पास दुकानों के खंडहर में विशाल का शव मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि विशाल की गर्दन, छाती, पैर में बर्फ तोड़ने वाले सुएं से 10-12 वार किए हैं। परिजनों ने भोला चौक निवासी दीपक पर शक जाहिर किया था। एसपी ने मामले की जांच सीआईए-3 की टीम को दी।