समालखा। गांव राक्सेड़ा में दो पक्षों के बीच मारपीट में एक महिला सहित ग्यारह लोग घायल हो गए। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगाें से घटना की जानकारी हासिल की। घायलों को इलाज के लिए परिजनों ने समालखा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
राक्सेड़ा निवासी मंदिर के पुजारी भैरव ने आरोप लगाया कि वह गांव में मंदिर के पास बैठे थे कि इस दौरान वहां से गुजर रहा दूसरे पक्ष का बिट्टू वहां आ गया। भैरव ने बताया कि करीब छह माह पहले भी उनका विवाद हो गया था। इसलिए अब किसी विवाद से बचने के लिए उसने उसे वहां से जाने को कह दिया। जिस पर बिट्टू ने गाली-गलौच शुरू कर दी, लेकिन परिजनों ने उन्हें छुड़वा दिया।
कुछ देर बाद खेत जाने के लिए निकला तो बिट्टू ने अपने पिता कृष्ण के साथ मिलकर चाकू से उस पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। उसने बताया कि इसके उसके परिजन तथा आरोपी कृष्ण गांव के मौजिज लोगों के साथ मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष से आठ-दस लोगों ने गंडासी, पाइप, लाठी-डंडाें से हमला कर दिया।
इसमें उसके सहित पिता प्रकाश, भाई संदीप, चाचा रमेश और मारपीट छुड़वाने वाला गुरदेव घायल हो गया। जबकि दूसरे पक्ष से कृष्ण ने आरोप लगाया कि उसका बेटा बिट्टू काम के लिए जा रहा था। रास्ते पंडित परिवार के लोगों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया।
इसके बाद आरोपी उसे भी मारपीट करते हुए जबरदस्ती घर से उठाकर अपने यहां ले गए। कुछ देर बाद उसके दूसरे बेटों पवन व गोविंद को पता चला तो वह उसे छुड़वाने पहुंचे लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। कृष्ण ने आरोप लगाया कि जब वह सीएचसी में इलाज कराने पहुुंचे तो घर पर उसकी पत्नी कमलेश को भी आरोपियों ने हमला कर घायल कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण जांच शुरू कर दी है।