संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। मनाना-नारायणा रोड पर निर्माणाधीन नारायणा अंडरपास के रास्ते को एक तरफ किए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रास्ता एक तरफ किए जाने की सूचना मिलने पर मनाना गांव और राजीव कॉलोनी के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। ग्रामीणों ने ठेकेदार से काम रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने विधायक मनमोहन भड़ाना से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की थी। मंगलवार को ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम अमित कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।
ग्रामीण दलबीर, चांद, गिरराज, बिजेंद्र, काला और सत्यवान ने बताया कि अंडरपास के शुरुआती नक्शे में दोनों तरफ से रास्ता खुला रखने का प्रावधान था। उनका आरोप है कि बाद में कुछ दुकानदारों ने जेई के साथ मिलीभगत कर रास्ते को एक तरफ करवा दिया। इससे मनाना गांव, राजीव कॉलोनी के वार्ड-17 और कश्यप कॉलोनी की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यदि अंडरपास का रास्ता एक तरफ ही रखा गया तो लोगों को आवागमन के लिए करीब आठ से दस किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को रोजाना परेशानी होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पहले के नक्शे के अनुसार अंडरपास के दोनों तरफ रास्ता खुला रखा जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
रेलवे को पत्र लिखने का मिला आश्वासन :
मंगलवार को ग्रामीणों के साथ हुई बैठक में एचएसआईआईडीसी के एसडीओ रविंद्र कुमार भी नक्शे के साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्तियां रखीं और रास्ते को पहले की योजना के अनुसार खोलने की मांग की। एसडीएम अमित कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस मामले में केंद्र सरकार में रेलवे पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।