ग्राम उदय, भारत उदय कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्कूल के समीप खुले शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। छात्राओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही ठेके को बंद नही किया गया तो सड़क पर जाम लगा कर धरना देगंी।
शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम मनाया गया। स्कूली बच्चों ने सुबह प्रभात फेरी निकालने के बाद स्वच्छता अभियान चलाया। आरोही मॉडल सीसे स्कूल के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के उपरांत स्कूल के हॉस्टल के नजदीक खुले शराब के ठेके के सामने प्रदर्शन कर ठेका बंद करवाने की मांग की।
स्कूल छात्रा विधि,मोनिका, सोनिया, ज्योति, काजल, रेनू, सोनम, मीना, रविना, कविता व शीतल का कहना है कि उनके स्कूल के सामने हॉस्टल के नजदीक शराब का ठेका खुला हुआ है। जहां पर लोग शराब पीकर हुड़दंग बाजी करते है। ऐसे में स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूल मुखिया ने भी प्रशासन को इस बारे में शिकायत दी है।
प्रशासन ने स्कूल प्रशासन की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। स्कूल में आने वाली छात्राओं को अपनी क्लास रूम की खिड़की तक बंद करके रखनी पड़ती है। शराब के नशे में लोग उनके साथ बदतमीजी करते हैं। छात्राओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने उनकी मांगे नहीं मानी तो वह सड़क पर उतरकर रोड जाम करेगी। स्कूल की प्राचार्य हेमलता बाल्याण का कहना है कि स्कूल के नजदीक खुले शराब के ठेके के चलते विद्यार्थियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शराब का ठेका बंद करवाने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं। अभी तक किसी तरह की कारवाई सिरे नहीं चढ़ पाई। शराब के ठेके के कारण छात्रओं में काफी आक्रोश है।