पानीपत। जीटी रोड हाईवे पर सेक्टर-18 टोल प्लाजा के पास पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार के काफिले की गाड़ी आपस में भिड़ने से सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-18 को यातायात पुलिस द्वारा ब्लैक स्टॉप के रूप में पहले से ही चिन्हित कर रखा है। सेक्टर-18 कट से वाहन चालक उल्टी दिशा में दिल्ली लाइन को पार कर करनाल लाइन में पहुंचते हैं। कई बार हाईवे पर वाहन आमने सामने आ जाते हैं। जिससे वाहनों चालकों का अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं। जो हादसे का कारण बनता है।
जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास शुक्रवार शाम को कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार के काफिले में एक स्विफ्ट कार घुसने से काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में भिड़ गई थी। जिस कारण मंत्री की इनोवा कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और मंत्री को मामूली चोट लगी थी। जिस स्थान पर हादसा हुआ था उस स्थान पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। टोल प्लाजा के आसपास जीटी रोड हाईवे पर पिछले तीन साल में उस स्थान पर 50 से अधिक सड़क हादसों में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हादसों का मुख्य कारण टोल प्लाजा के पास सेक्टर-18 का कट है। कट से वाहन चालक हाईवे पर चढ़ते हैं। जिन वाहन चालकों को करनाल की ओर जाना होता है वे उल्टी दिशा में वाहन चलाते हुए दिल्ली लेन को क्रॉस कर करनाल लेन में पहुंचते हैं। उधर, करनाल की ओर से तेज गति से वाहन चालक आते हैं। जिस कारण कई बार वाहन चालक आमने सामने आ जाते हैं, जिससे अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हो जाता है। इसके साथ ही सीआईए कट के आसपास बड़ी संख्या में लोग पैदल ही हाईवे को क्रॉस करते हैं। जो हादसे का बड़ा कारण बनता है।
कट पर तैनात की जाती है पुलिस
सेक्टर-18 कट पर वाहनों को गलत दिशा में जाने से रोकने के लिए पुलिस टीम तैनात की जाती है। इसके बावजूद भी वाहन चालक तेजी से वहां से गुजर जाते हैं। इसके साथ ही पुलिस ने कैमरे भी लगवाए हैं।
शहर में छह स्थानों पर पुलिस ने लगाए कैमरे
जीटी रोड पर सर्विस लेन शहर के बीच में भी छह स्थानों पर वाहन चालक गलत दिशा में वाहन दौड़ाते हैं। जिसमें जीटी रोड पर राधा स्वामी कट, ऑफिसर कॉलोनी कट, तहसील कैंप, मलिक पेट्रोल पंप, नांगलखेड़ी कट, अनाज मंडी कट पर यातायात पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे गलत दिशा में वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे। इसी सप्ताह ये सभी कैमरे काम करना शुरू कर देंगे।
वर्जन
सेक्टर-18 से निकलकर वाहन चालक जीटी रोड पर करनाल लेन में जाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाते हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस तैनात की गई है। वाहन चालकों के चालान भी किए जाते हैं।
-अनिल, प्रभारी यातायात थाना बाबरपुर।