परिजनों ने एसपी से मिलकर महिला हेल्पर की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सेक्टर-13-17 थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल की पांच वर्षीय छात्रा से यौन उत्पीड़न के मामले में महिला थाना पुलिस ने वैन चालक जोगिंद्र को गिरफ्तार किया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पीड़ित परिवार ने एसपी मेधा भूषण से मिलकर वैन में मौजूद महिला हेल्पर की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
मॉडल टाउन थाना क्षेत्र निवासी बच्ची के पिता ने पुलिस को शिकायत दी थी कि शुक्रवार रात पत्नी ने बेटी को चलने में परेशानी होने और ठीक से खाना नहीं खाने की बात बताई। बच्ची ने बताया कि स्कूल आते-जाते वैन चालक उसके साथ गलत हरकत करता था और किसी को बताने पर चॉकलेट नहीं देने की धमकी देता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस टीम ने रविवार को स्कूल में सीसीटीवी कैमरों की जांच की और वैन हेल्पर से पूछताछ की। डीएसपी प्रदीप ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।